आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अब तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रही लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अपने बल्लेबाजों से फिर से धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।
आरसीबी अभी छह अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर हैं और चार अन्य टीमें चार-चार अंकों के साथ उसका पीछा कर रही हैं। बेंगलुरु की टीम शीर्ष पर काबिज राजस्थान रॉयल्स से दो अंक और पंजाब किंग्स से एक अंक पीछे है।
लेकिन सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र में आरसीबी के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के मन में जितना खौफ पैदा किया है, उतना कोई अन्य टीम नहीं कर पाई है। आरसीबी के बल्लेबाजों ने अभी तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उसके शीर्ष पांच बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट में साफ झलकता है।
विराट कोहली (स्ट्राइक रेट 162), फिल साल्ट (178), रजत पाटीदार (214), टिम डेविड (221) और देवदत्त पडिक्कल (201) ने आईपीएल 2026 में सभी टीमों के गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है।
इन पांचों बल्लेबाजों ने मिलकर चार मैचों में कुल 52 छक्के जड़े हैं। आईपीएल के इस सत्र में अभी तक आरसीबी ने सर्वाधिक छक्के जड़े हैं और उन्होंने ‘रेंज-हिटिंग’ को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है।
इसी का नतीजा है कि आरसीबी में वर्तमान सत्र में अभी तक किसी भी मैच में 200 से कम रन नहीं बनाए हैं जिससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर अगले तीन मैच में भी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेगा। वह एलएसजी के बाद दिल्ली कैपिटल्स (18 अप्रैल) और गुजरात टाइटन्स (24 अप्रैल) के खिलाफ यहां मैच खेलेगा। इसके बाद वह अपने अंतिम दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगा।
लेकिन क्या चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण से उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। एलएसजी की तरफ से अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
शमी की 6.2 की इकॉनमी अब तक नियमित गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है, लेकिन इस तिकड़ी को बेंगलुरु की सपाट पिच पर आरसीबी के बल्लेबाजों के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करनी होगी।