टी20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्या की संयमित कप्तानी ने मेरा काम आसान कर दिया: गंभीर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-02-2026
Surya's composed captaincy in T20Is made my job easier: Gambhir
Surya's composed captaincy in T20Is made my job easier: Gambhir

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सूर्यकुमार यादव की ‘संयमित नेतृत्व क्षमता’ की तारीफ करते हुए कहा कि टी20 प्रारूप में कप्तान के तौर पर वह सभी कसौटी पर खरे उतरते हैं और इससे उनका दबाव भरा काम थोड़ा आसान हो जाता है।
 
स्टार स्पोर्ट्स द्वारा साझा किए गए एक छोटे वीडियो में गंभीर ने कहा कि मौजूदा टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार जैसे आक्रामक बल्लेबाज का कप्तान होना भारत के लिए सौभाग्य की बात है। इस वीडियो में यह नहीं पता चल रहा है कि गंभीर ने यह बयान कब दिया है।
 
गंभीर ने कहा, ‘‘सूर्यकुमार ने इस प्रारूप में मेरा काम बहुत आसान कर दिया है। वह लोगों के लिए एक बेहतरीन कप्तान हैं, यह सिर्फ इसलिए नहीं कि वह मैदान पर क्या करते हैं, या बल्लेबाज के रूप में कैसे हैं, या उनके शॉट्स इस प्रारूप में कैसे हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘ कोच के तौर पर कभी-कभी आपके दिमाग में कई बातें चल रही होती हैं, लेकिन जब आप जानते हैं कि सूर्यकुमार माहौल को शांत बनाए रखेंगे, जैसा किसी भी कोच का सपना होता है, तो बहुत कुछ आसान हो जाता है।’’
 
भारत ने सूर्यकुमार की शानदार बल्लेबाजी के बूते शनिवार को विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में अमेरिका को हराया। भारतीय कप्तान ने एक छोर से विकेटों के पतझड़ के बीच 49 गेंदों में नाबाद 84 रन के साथ पारी को संभाला था।
 
भारतीय टीम बृहस्पतिवार को अब यहां नामीबिया के खिलाफ खेलेगी।