भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली। मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में भारत की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रन का शतक जड़कर मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट मुकाबलों का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत की शुरुआत अच्छी रही और पावरप्ले में टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए। अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद संजू सैमसन और इशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की।
सैमसन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर लगातार हमला करते हुए सात छक्के और आठ चौके लगाए। इशान किशन ने भी 18 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके आउट होने के बाद शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली और सैमसन के साथ मिलकर तेजी से रन जोड़े। अंत के ओवरों में हार्दिक पंड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने सात गेंदों में 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचा दिया। भारत की पारी में कुल 19 छक्के लगे, जो टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत मिश्रित रही। टीम ने पावरप्ले में 68 रन बनाए लेकिन तीन अहम विकेट भी गंवा दिए। फिल सॉल्ट और कप्तान हैरी ब्रूक जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जैकब बेथेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए। उन्होंने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक और 45 गेंदों में शानदार शतक पूरा किया।
बेथेल को विल जैक्स और सैम कुरेन का साथ मिला, जिससे इंग्लैंड मैच में बना रहा। अंतिम पांच ओवरों में इंग्लैंड को 69 रन की जरूरत थी। हालांकि जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ छह रन दिए, जिससे मैच का रुख भारत की ओर मुड़ गया।
आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 30 रन चाहिए थे, लेकिन बेथेल रन आउट हो गए और टीम सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लिए जबकि बुमराह का किफायती स्पैल निर्णायक साबित हुआ।
इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा।





