ओपनर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, वैभव के लिए जगह बनाना आसान नहीं: अय्यर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-10-2026
Openers are performing well, it won't be easy to make way for Vaibhav: Iyer
Openers are performing well, it won't be easy to make way for Vaibhav: Iyer

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार को कहा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अभी अंतिम एकादश में आसानी से जगह नहीं मिल सकती क्योंकि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन सलामी बल्लेबाज के रूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
उन्होंने हालांकि कहा कि इस किशोर बल्लेबाज को सही समय पर उचित मौके जरूर मिलेंगे।
 
सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम में चुना गया था। भारत ने तब से जो 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उनमें से सूर्यवंशी ने केवल आठ में हिस्सा लिया है, क्योंकि नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक और सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
इन दोनों ने इस साल की शुरुआत में भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
 
अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि उनके (सूर्यवंशी) जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में हमेशा खुश रहें।’’