Mitchell's aggressive batting helped New Zealand post 198 for 3 against India.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
डेरिल मिचेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने ठंड और तेज हवाओं के बीच मंगलवार को यहां खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत के खिलाफ तीन विकेट पर 198 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
खराब फॉर्म से उबरते हुए मिचेल ने महज 52 गेंदों पर नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्कों के अलावा और इतने ही चौके लगाये।
भारतीय गेंदबाज भले ही विकेट लेने के मामले में बहुत प्रभावशाली नहीं रहे, लेकिन उन्होंने अंतिम पांच ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 52 रन खर्च किए। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट) ने टिम सीफर्ट को जल्द ही आउट कर दूसरे ओवर में ही भारत को सफलता दिलाई।
इसके बाद फिन एलन और मिचेल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड की पारी को मजबूती दी। एलन ने 25 गेंदों पर 40 रन बनाए। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के शुरुआती ओवर में दो छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 40 रन दिए और उन्हें पूरे मुकाबले में सही लेंथ हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।