Ishan was selected for the World Cup on the voice of my heart, I felt the X factor: Captain Suryakumar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ‘पावर हिटर’ ईशान किशन को टी20 विश्व कप टीम में चुनने का फैसला विशुद्ध रूप से मन की आवाज पर लिया गया था क्योंकि उन्हे महसूस हुआ था कि बिहार के इस बल्लेबाज में ‘एक्स फैक्टर’ है जो मैचों में निर्णायक साबित हो सकता है ।
पीटीआई वीडियो को रविवार को दिये गए पॉडकास्ट इंटरव्यू में सूर्यकुमार से पूछा गया था कि वह आंकड़ों पर चलने वाले कप्तान हैं या मन की आवाज सुनते हैं और जितेश शर्मा की बजाय ईशान के चयन के फैसले की क्या वजह थी ।
उन्होने कहा ,‘‘ यह बिल्कुल मन की आवाज पर लिया गया फैसला था । उस समय जितेश शर्मा के लिये यह काफी कठिन था क्योंकि वह एक साल से अधिक समय से टीम के साथ था । और वह खेल रहा था, अगर नहीं खेल रहा होता तो कहानी अलग होती ।’’
भारत को आठ मार्च को टी20 विश्व कप 2026 जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार ने अपने कैरियर, भारतीय क्रिकेट के भविष्य, मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम से अपने संबंधों पर तफ्सील से बात की । उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बल्लेबाजी प्रतिक्रिया और सहजता का मिला जुला रूप है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं भी बहुत दुखी था जब हमने जितेश को छोड़कर ईशान को चुना लेकिन हमें ऐसे सलामी बल्लेबाज की जरूरत थी जो शीर्ष क्रम पर आक्रामक प्रदर्शन कर सके । ऐसे में किसी को तो बाहर रहना था ।’’
उन्होंने बताया कि ईशान कैसे टीम में आये , उन्होंने ईशान को फोन करके कहा ,‘‘ छोटू , विश्व कप जितायेगा’ , इस पर ईशान ने जवाब दिया ,‘ भरोसा करोगे ’ और इस पर सूर्यकुमार ने कहा ‘चल किया ’ ।
सूर्यकुमार ने कहा ,‘‘ और उसने जो प्रदर्शन किया, वह अद्भुत था । मुझे हमेशा से लगता था कि वह एक्स फैक्टर हो सकता है क्योंकि उस पर कोई दबाव नहीं था ।’’