आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लय में लौटने के बाद उत्साह से लबरेज भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने और 3-0 से क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी।
स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद भारत पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तब संकट में पड़ गया था जब उसने अपने चार विकेट 19 रन पर गंवा दिए थे। भारत हालांकि दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद की अच्छी बल्लेबाजी से यह मैच जीतने में सफल रहा था।
सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच में पदार्पण पर 20 वर्षीय निक्की पहले मैच में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने दूसरे मैच में सात रन देकर दो विकेट लिए और इस तरह से अपनी ऑलराउंड क्षमता का अच्छा नमूना पेश किया।
दूसरे मैच में मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन जबकि शेफाली वर्मा ने केवल 25 गेंदों पर 55 रन बनाए। इससे भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नौ विकेट से जीत हासिल कर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।