नई दिल्ली
भारतीय निशानेबाज धनुष श्रीकांत ने रविवार को तोक्यो में आयोजित डेफलिम्पिक्स (बधिर ओलंपिक) में पुरुषों की एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के लिए खाता खोला।
23 वर्षीय श्रीकांत ने 2022 में ब्राजील में आयोजित बधिर ओलंपिक में 19 साल की उम्र में पदार्पण किया था, और तब उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। इस बार उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 252.2 अंक के साथ फाइनल विश्व रिकॉर्ड बनाया और शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
उनके साथी मुहम्मद मुर्तजा वानिया ने 250.1 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि दक्षिण कोरिया के बाएक सेउंगक ने 223.6 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
फाइनल में श्रीकांत ने बधिर ओलंपिक और बधिर ओलंपिक फाइनल दोनों विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 2022 में उन्होंने व्यक्तिगत और मिश्रित टीम दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।
धनुष अब सोमवार को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में महित संधू के साथ जोड़ी बनाकर अपने करियर का चौथा स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेंगे।
इससे पहले महित संधू ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में 250.5 अंक के साथ रजत पदक जीता, जबकि उनके साथी कोमल वाघमारे ने 228.3 अंक के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। यूक्रेन की लिडकोवा वायलेटा ने 252.4 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता और नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
महित संधू ने 623.4 अंक के साथ आठ निशानेबाजों के फाइनल में दूसरे स्थान पर क्वालीफाई किया, जबकि वाघमारे ने 622.0 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक जीता।
बधिर निशानेबाज राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सामान्य एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं और अपनी रैंकिंग के आधार पर राष्ट्रीय शिविरों और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होते हैं।






.png)