भारत-न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 साल पूरे, तीनों सेनाओं की हॉकी टीम ने 4-1 से दर्ज की जीत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
India-New Zealand celebrate 100 years of sporting ties, with the tri-services hockey team registering a 4-1 win.
India-New Zealand celebrate 100 years of sporting ties, with the tri-services hockey team registering a 4-1 win.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के मौके पर भारत की तीनों सेनाओं की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड में आयोजित द्विपक्षीय हॉकी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और मेजबान टीम को 4-1 से हराया।

न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के जवानों वाली यह टीम वेलिंगटन में कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद बृहस्पतिवार को ऑकलैंड पहुंची।
 
न्यूजीलैंड रक्षा बल ने पारंपरिक माओरी युद्ध नृत्य 'हाका' के साथ भारतीय दल का स्वागत किया। इसके बाद भारतीय टीम ने लॉयड एल्समोर पार्क हॉकी स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम के खिलाफ 4-1 से जीत दर्ज की।
 
भारतीय दल को डेवोनपोर्ट स्थित रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना के नौसैनिक अड्डे एचएमएनजेडएस फिलोमेल भी ले जाया गया, जहां उसका पारंपरिक माओरी तरीके से स्वागत किया गया।
 
वर्ष 2026 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे हो गए। इन संबंधों की शुरुआत 1926 में हुई थी, जब भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। उस टीम में मेजर ध्यानचंद भी शामिल थे, जो आगे चलकर हॉकी के महानतम खिलाड़ियों में शुमार हुए।
 
भारतीय सेना की टीम ने 1926 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैच खेले थे। इनमें भारत ने एक मैच जीता, एक गंवाया और एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। 26 जून को क्राइस्टचर्च के लैंकेस्टर पार्क में खेला गया पहला मैच भारत का पहला पुरुष अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबला माना जाता है। भारत ने यह मैच 5-2 से जीता था और ध्यानचंद ने हैट्रिक बनाई थी।
 
इससे पहले बुधवार को भारतीय उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी ने स्पोर्ट न्यूजीलैंड के सहयोग से दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक समारोह आयोजित किया। इसमें न्यूजीलैंड की मंत्री लुईस अपस्टन, सांसदों, महापौरों और दोनों देशों के खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया।