आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स ने बृहस्पतिवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन संघर्षपूर्ण शतक जड़ने के बाद कहा कि जसप्रीत बुमराह की गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को लगातार असमंजस और दबाव में रखा।
बुमराह ने अपनी अनूठी गेंदबाजी शैली और गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली।
निकोल्स ने नाबाद 113 रन बनाकर न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 70 रन की मुश्किल स्थिति से उबारकर पांच विकेट पर 243 रन तक पहुंचाया।
निकोल्स ने कहा, ‘‘बुमराह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा रहे थे और बल्लेबाजों पर लगातार काफी दबाव बना रहे थे। यह शानदार चुनौती है।’’
बुमराह का कई बार सामना कर चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोल्स का मानना है कि भारतीय गेंदबाज की असामान्य गेंदबाजी शैली से कुछ हद तक परिचित होना मददगार रहा, हालांकि इससे चुनौती कम नहीं हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी गेंदबाजी का अंदाज निश्चित रूप से अनूठा है। सौभाग्य से मैंने उनका कई बार सामना किया है जिससे आपको थोड़ा फायदा मिलता है। लेकिन वह निश्चित रूप से तीनों प्रारूपों के बेहतरीन गेंदबाज हैं।’’
निकोल्स विशेष रूप से बुमराह की दोनों तरफ गेंद को स्विंग कराने की क्षमता से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘आज जिस तरह से उन्होंने गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया, वह अविश्वसनीय गेंदबाजी थी। मुझे यकीन है कि कल सुबह भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा और एक बार फिर कड़ी चुनौती होगी।’’