आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए चार घुड़सवारों को बिना किसी चयन ट्रायल्स के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के कारण जांच के दायरे में आ गया है और इससे हितों के टकराव से जुड़ी चिंताएं पैदा हो गई हैं।
पीटीआई के पास कुछ दस्तावेज हैं जिनसे पता चलता है कि ईएफआई ने दो जनवरी 2026 को एनओसी जारी की थी, जिसमें 61 कैवलरी के चार अधिकारियों को ‘सक्रिय घुड़सवारी खिलाड़ी’ के रूप में प्रमाणित किया गया है और उन्हें एफईआई की तरफ से यूरोप में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति दी गई है।
जिन राइडर्स को विदेश में होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति दी गई है उनमें लेफ्टिनेंट कर्नल डी अपूर्वा, मेजर अनंत राज पुरोहित, मेजर यशदीप अहलावत और कैप्टन अनंत कुमार शामिल हैं।
ईएफआई के उपाध्यक्ष (तकनीकी) और कार्यवाहक अध्यक्ष कर्नल जगत सिंह (सेवानिवृत्त) ने इस एनओसी पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें कहा गया है कि महासंघ को यूरोप में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किसी भारतीय खिलाड़ी या भारतीय टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकारियों पर कोई आपत्ति नहीं है।
ईएफआई के महासचिव कर्नल जयवीर सिंह के अनुसार बिना किसी ट्रायल्स या पारदर्शी चयन प्रक्रिया के मंजूरी दे दी गई, जबकि ईएफआई के पास 11 अक्टूबर, 2023 का एक मसौदा चयन मानदंड है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन से पहले वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन अनिवार्य किया गया था।