Boxam Elite 2026: Lovlina starts with a win, Hitesh also advances to the next round
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने यहां बोक्सैम एलीट इंटरनेशनल 2026 में यूक्रेन की ओल्हा पिलिपचुक को आसानी से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की जबकि हितेश गुलिया भी अगले दौर में पहुंच गए जिससे भारतीय मुक्केबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
लवलीना महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में शानदार फॉर्म में थीं, उन्होंने तेज और सटीक मुक्कों के संयोजन से यूक्रेन की ओल्हा पिलिपचुक को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले में हराकर आसानी से अगले दौर में प्रवेश किया।
पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में हितेश ने भी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए कनाडा के विन्सेंट सांटाओरिएलो को 5-0 से शिकस्त दी।
लवलीना के अलावा भारत की अन्य महिला मुक्केबाजों ने भी दमदार जीत दर्ज कीं। मंजू रानी (48 किलोग्राम) ने फ्रांस की ग्लोरिया डिअलेमेडा को 5-0 से हराया तो वहीं नीतू (51 किलोग्राम) ने स्पेन की लौरा काल्डेरॉन को पहले राउंड में आरएससी (रैफरी द्वारा मुकाबला रोका जाना) से जीत दर्ज की।
कुसुम (51 किलोग्राम) ने स्पेन की क्लाडिया अलकानिज को 4-1 से जबकि अरूंधति चौधरी (70 किलोग्राम) ने कजाखस्तान की अजीजा इसिना को 5-0 से पराजित किया।
बाद में सनामाचा चानू (75 किलोग्राम) ने कनाडा की विक्टोरिया पेने पर 4-1 से फैसले से एक और जीत हासिल की।
पुरुषों के मुकाबलों में पवन बर्तवाल (55 किलोग्राम) ने थाईलैंड के थनारात सएनगफेट के दूसरे राउंड में रिटायर होने से अगले दौर में प्रवेश किया।
जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) ने यूक्रेन के सियोवुश मुखामदिएव पर 4-0 से, दीपक (70 किलोग्राम) ने स्पेन के डेविड इडेनेल रोसालेन पर 5-0 से और अंकुश (80 किलोग्राम) ने कजाखस्तान के येरासिल जाकपेकोव पर 3-2 से जीत दर्ज की।
हर्ष चौधरी (90 किलोग्राम) ने कनाडा के ब्रायन कोलवैल पर 5-0 की जीत से दिन का समापन किया।