आइची-नागोया, जापान
भारत की वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने गुरुवार को आइची-नागोया एशियन गेम्स में महिलाओं की सांडा 60 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ हार के बाद रजत पदक जीता।
रोशिबिना को दोनों राउंड में 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। चीनी खिलाड़ी ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम किया।
रोशिबिना का जापान में अभियान शानदार रहा। उन्होंने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले उन्होंने वियतनाम की 2023 विश्व चैंपियन नगुएन थी थू थुई को भी मात दी थी।
रोशिबिना ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी रजत पदक जीता था। इस तरह एशियन गेम्स में यह उनका लगातार दूसरा रजत पदक है।
रोशिबिना के रजत पदक के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 14 हो गई है। भारत ने अब तक 1 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक जीते हैं।
इससे पहले गुरुवार को भारतीय रोइंग जोड़ी सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
भारतीय जोड़ी ने 6:13.25 का समय निकाला। चीन की यी शुदी और नी यिदे की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेखरोजबेक मामातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत पदक हासिल किया।
सतनाम और सलमान 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर बने हुए थे। एक समय वे स्वर्ण पदक विजेता चीनी जोड़ी से केवल आधे सेकंड पीछे थे, लेकिन अंतिम चरण में उनकी रफ्तार कुछ कम हुई और उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।
पुरुषों की सिंगल स्कल्स स्पर्धा में भारत के बलराज पंवार पदक जीतने से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे।
पंवार 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर बने हुए थे। अंतिम 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शाखबोज खोल्मुरजायेव और जापान के तत्सुया सकुरामा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
अंतिम चरण से पहले पंवार के पास सकुरामा पर करीब पांच सेकंड की बढ़त थी, लेकिन फिनिश तक वह जापानी खिलाड़ी से आठ सेकंड पीछे रह गए। पंवार ने 6:54.80 का समय दर्ज किया और स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के झीवेई डेंग से करीब 15 सेकंड पीछे रहे।