आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा और महिला तथा पुरूष टीमों ने बुधवार को अपने अपने ग्रुप मैच में क्रमश: ईरान और बांग्लादेश को हराया ।
खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 स्वर्ण पदक विजेता ईरान को दूसरे ग्रुप मैच में 37 . 23 से हराया । पुरूष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48 . 25 से मात दी ।
महिला कोच नीता डाडवे ने मैच के बाद कहा ,‘‘ हमने ईरान के खिलाफ काफी रणनीति बनाई थी । पहली बार हम दस से अधिक अंक से जीते हैं । इससे पहले सारे मुकाबले करीबी रहे हैं ।’’
यह पूछने पर कि भारत को कौन हरा सकता है, उन्होंने कहा ,‘‘ कोई नहीं । हम विश्व में नंबर एक हैं और यह हमारा खेल है । इसकी शुरूआत भारत में हुई । हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, तकनीक, रफ्तार और दमखम के साथ आत्मविश्वास है ।’’
इससे पहले भारतीय टीम ने शुरूआती मैच में बांग्लादेश को 42 . 21 से मात दी थी ।