जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, शरीर में कई तरह के बदलाव आने लगते हैं। कुछ बदलाव अंदरूनी होते हैं, लेकिन कुछ हमारे चेहरे और त्वचा पर साफ नजर आने लगते हैं। बढ़ती उम्र का सबसे अधिक असर त्वचा पर ही दिखता है – यह धीरे-धीरे पतली, बेजान और ढीली पड़ने लगती है। लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि सही खानपान से इस प्रक्रिया को धीमा किया जा सकता है। खासकर कुछ खास फलों को अपनी डाइट में शामिल करने से आप 10 साल तक जवां दिख सकते हैं। आइए जानते हैं वे पांच सुपरफ्रूट्स कौन-से हैं, जो आपकी त्वचा को जवां बनाए रखने में मददगार हैं–
1. पपीता
पपीता एक सुपरफूड है जिसमें विटामिन ए, सी, एंटीऑक्सीडेंट और एंजाइम भरपूर होते हैं। यह त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने (एक्सफोलिएशन) में मदद करता है, त्वचा को हाइड्रेट करता है और सूरज की क्षति से सुरक्षा देता है। साथ ही मुंहासों को भी नियंत्रित करता है। इसके अलावा यह पाचन और आंतों की सेहत के लिए भी फायदेमंद है।
2. आंवला (आमलकी)
आंवला विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत है और इसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। इसमें उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने, इम्यून सिस्टम को मजबूत करने और त्वचा को पुनर्जीवित करने के गुण होते हैं। चाहे ताजा खाएं या मुरब्बे के रूप में, यह हर रूप में फायदेमंद है।
3. काले अंगूर
काले अंगूरों में लाल और हरे अंगूरों के मुकाबले ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। इनमें मौजूद फ्लेवोनोइड्स कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं और त्वचा को उम्र बढ़ने से रोकते हैं। इसके साथ-साथ ये कैंसर, डायबिटीज, अल्जाइमर और दिल की बीमारियों के खतरे को भी कम करते हैं।
4. स्ट्रॉबेरी
स्ट्रॉबेरी में सैलिसिलिक एसिड पाया जाता है जो त्वचा को डिटॉक्स करता है और मुंहासों से बचाता है। यह फल फाइबर, कैल्शियम, आयरन, फोलेट, मैग्नीशियम और एंथोसायनिन जैसे तत्वों से भरपूर होता है जो त्वचा को स्वस्थ और दमकता हुआ बनाते हैं।
5. कीवी
कीवी एक पौष्टिक फल है जिसमें विटामिन C, E और K के साथ फाइबर, फोलेट और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। यह इम्युनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने, त्वचा को मुलायम बनाने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
अगर आप चाहते हैं कि आपकी त्वचा लंबे समय तक जवान और दमकती रहे, तो इन 5 फलों को अपनी रोज़मर्रा की डाइट का हिस्सा बना लीजिए। ये ना सिर्फ आपको अंदर से स्वस्थ रखेंगे, बल्कि आपकी त्वचा को भी उम्र के असर से बचाएंगे।