युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति न मिलने को लेकर संवाददाता सम्मेलन किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-10-2026
Youth Congress held a press conference regarding the denial of permission to protest at Jantar Mantar.
Youth Congress held a press conference regarding the denial of permission to protest at Jantar Mantar.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के मुद्दे को लेकर सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में संवाददाता सम्मेलन किया और राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों पर कथित हमले को लेकर भी चिंता जताई।
 
युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब की याचिका पर जवाब देने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय ने पुलिस को मंगलवार तक का समय दिया, जिसके बाद संगठन के विधि प्रकोष्ठ ने मीडिया को संबोधित किया।
 
याचिका के अनुसार, युवा कांग्रेस ने 25 सितंबर को लगभग 100-150 लोगों के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, इसकी अनुमति नहीं दिए जाने की सूचना एक अक्टूबर को दी गई, जिस दिन प्रदर्शन प्रस्तावित था।
 
संवाददाता सम्मेलन के दौरान संगठन ने पत्रकारों पर कथित हमले और उन्हें हिरासत में लिए जाने की खबरों की भी निंदा की तथा इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने एवं इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।