बाराखंबा रोड के लिए रवाना हुए विपक्षी नेता, उच्चतम न्यायालय तक मार्च की तैयारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-10-2026
Opposition leaders leave for Barakhamba Road, prepare for march to Supreme Court
Opposition leaders leave for Barakhamba Road, prepare for march to Supreme Court

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कई नेता सोमवार को बसों में सवार होकर बाराखंबा रोड के लिए रवाना हुए, जहां से वे उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च करेंगे।

विपक्षी नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करेंगे।
 
कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को ‘‘चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च’’ नाम दिया है।
 
विपक्षी दल कथित ‘‘वोट चोरी’’, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और सीईसी की भूमिका को लेकर पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
मार्च के लिए विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाराखंबा रोड के निकट एकत्र होना है, जहां से वे उच्चतम न्यायालय की ओर बढ़ेंगे।
 
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मार्च से पहले संवाददाताओं से कहा कि वह और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे तथा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर करेंगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम और इंडिया गठबंधन के नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे और याचिका दायर करेंगे। जो प्रतिरोध चल रहा है, वह एक दिन की बात नहीं है। हम लगातार यह कर रहे हैं।’’
 
गांधी ने केंद्र सरकार पर लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोकने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राजधानी को ‘‘पूरी तरह से किले में तब्दील’’ कर दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस तथा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।