Wheat procurement continues smoothly in Haryana, record arrivals in mandis: Saini
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि राज्य की मंडियों में रिकॉर्ड आवक के बीच गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा शुरू की गई बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी नई व्यवस्थाओं को लेकर किसानों को परेशान किए जाने के आरोप निराधार हैं।
उन्होंने बताया कि रबी विपणन सत्र 2026-27 में अब तक फसलों की रिकॉर्ड आवक दर्ज की गई है, जिसने पिछले चार वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक मंडियों में 81 लाख टन से अधिक गेहूं की आवक हुई है, जिनमें से 70 लाख टन से अधिक की खरीद की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को एक ही दिन में मंडियों में सात लाख टन से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की गई थी। सैनी ने कहा कि अब तक 5.80 लाख किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक तकनीकों को अपना रहे हैं और पारदर्शी खरीद व्यवस्था पर भरोसा जता रहे हैं।