आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोधी एस्टेट में आवंटित नए बंगले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को निशाना साधा और इसे ‘शीशमहल-2’ करार देते हुए आरोप लगाया कि इसमें सुविधाएं तैयार करने के लिए निजी धन खर्च किया गया।
‘आप’ ने इस आरोप से इनकार करते हुए इसे गलत बताया है।
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल ऐशो-आराम से रहने के आदी हो चुके हैं।
वर्मा ने कहा, ‘‘दिल्ली के ‘धुरंधर’ मतदाताओं ने जब उन्हें शीशमहल से बाहर कर दिया तो वह पंजाब चले गए जहां उन्होंने एक बंगले पर कब्जा कर लिया और अब उन्होंने लोधी एस्टेट में शीशमहल-2 तैयार कर लिया है।’’
मंत्री ने राष्ट्रीय पार्टी ‘आप’ के प्रमुख के तौर पर केजरीवाल को केंद्र द्वारा आवंटित ‘टाइप-7’ बंगले की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) बंगलों पर इतना पैसा खर्च नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं तैयार करने के लिए ‘‘निजी धन’’ खर्च किया गया।
उन्होंने ‘आप’ और केजरीवाल से सवाल किया कि बंगले पर कितना पैसा खर्च किया गया तथा यह धन कहां से आया।
इस बीच, ‘आप’ नेता आतिशी ने कहा कि वर्मा द्वारा जारी तस्वीरें फर्जी हैं।