West Bengal Chief Minister encouraging infiltration for vote bank politics: Union Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी. संजय कुमार ने ममता बनर्जी पर “वोट बैंक की राजनीति” के लिए अवैध घुसपैठ को “बढ़ावा देने” का आरोप लगाया है।
सोमवार शाम हैदराबाद में रह रहे बंगाली परिवारों से मुलाकात करने वाले कुमार ने उनसे अपील की कि वे पश्चिम बंगाल में अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क करें और उन्हें भाजपा का समर्थन करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “केंद्र सरकार द्वारा सीमा पर बाड़ लगाने के प्रयासों को भी रोका जा रहा है, जबकि ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा देती रही हैं।”
कुमार ने बांग्लादेशियों की घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
उनके अनुसार, हैदराबाद में करीब 60,000 बंगाली रह रहे हैं और पश्चिम बंगाल की बिगड़ती स्थिति के कारण कई बंगाली परिवार वहां से निकलकर तेलंगाना में बस गए हैं।
कुमार ने कहा कि आज बंगाल को सुरक्षा, स्थिरता और मजबूत शासन की जरूरत है।
उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन के दौरान बांग्लादेश और अन्य देशों से हजारों अवैध घुसपैठिए हैदराबाद पहुंचे थे।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकारों ने रोहिंग्या और घुसपैठियों को राशन कार्ड व मतदाता पहचान पत्र दिया।