आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार करने के लिए ‘‘हम करके रहेंगे’’ का नारा देते हुए बुधवार को कहा कि यह लक्ष्य दूरदर्शी नीतियों एवं कड़ी मेहनत से हासिल किया जाएगा।
मोदी ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि देश के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक चुनौती समाज को वोट के आधार पर बांटना है।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब किसी किसान के खेत में पानी नहीं होता तो क्या यह समस्या केवल एक जाति को प्रभावित करती है? जब बिजली नहीं होती तो क्या अंधेरा केवल एक समुदाय के यहां होता है? इसका जवाब है-नहीं। अगर समस्या सबकी है तो समाधान भी सबके लिए होना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासी विकसित भारत का जो सपना आज देख रहे हैं, वह निश्चित रूप से पूरा होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के रुकने का कोई कारण नहीं है। सौ साल पहले हमारी आबादी 40 करोड़ से भी कम थी और आज हम 140 करोड़ से अधिक हैं। ये 140 करोड़ नागरिक मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे और हम निश्चित रूप से ऐसा करके रहेंगे। हम करके रहेंगे।’’
मोदी ने कहा, ‘‘2047 तक विकसित भारत बनना- हम करके रहेंगे। दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होना- हम करके रहेंगे। आत्मनिर्भर बनना- हम करके रहेंगे। वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनना- हम करके रहेंगे। ओलंपिक की मेजबानी करना- हम करके रहेंगे। अंतरिक्ष में कदम बढ़ाना- हम करके रहेंगे। यह ऊर्जा, यह उत्साह और यह आत्मविश्वास असाधारण है।’’
मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो बातें कभी असंभव लगती थीं, वे अब संभव हो गई हैं।