Voting for the fourth and final phase begins in 3,747 gram panchayats of Rajasthan.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हुआ।
इस चरण में सरपंच के 3,747 पदों और वार्ड पंच के 33,885 पदों के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव के लिए एक करोड़ पांच लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। मतदान के लिए 11,905 केंद्र बनाए गए हैं।
सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बालोतरा जिले के एक मतदान केंद्र पर 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान शाम छह बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले वार्ड पंच पदों के लिए डाले गए मतों की गिनती होगी, इसके बाद सरपंच पदों के लिए मतगणना की जाएगी।
पंच और सरपंच पदों के लिए चार चरणों में जारी चुनाव प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो जाएगी।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए चारों चरणों में मतदान पहले ही पूरा हो चुका है। इन पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को निर्धारित है।