विजयन ने ‘हिटलर से प्रेरणा’ वाली टिप्पणी के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की आलोचना की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
Vijayan criticises Telangana CM Revanth Reddy for 'inspiration from Hitler' remark
Vijayan criticises Telangana CM Revanth Reddy for 'inspiration from Hitler' remark

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की उस टिप्पणी की सोमवार को कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने राज्य की अतिक्रमण-रोधी एजेंसी ‘हाइड्रा’ को नाजी तानाशाह एडॉल्फ हिटलर से प्रेरित बताया था।
 
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह बयान चौंकाने वाला और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ था।
 
विजयन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि रेड्डी ने सार्वजनिक तौर पर और गर्व से दावा किया था कि हाइड्रा इतिहास के सबसे कुख्यात तानाशाहों में से एक हिटलर से प्रेरित है।
 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि एक लोकतांत्रिक देश के मुख्यमंत्री ने खुलेआम हिंसा और तानाशाही से जुड़ी व्यवस्था से प्रेरणा लेने की बात कही है।
 
इन टिप्पणियों को ‘‘शर्मनाक’’ बताते हुए विजयन ने कहा कि यह चिंताजनक है कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से एक ऐसे व्यक्ति की प्रशंसा की, जिसे व्यापक रूप से फासीवाद का प्रतीक माना जाता है।
 
उन्होंने कहा कि रेड्डी की टिप्पणियां असावधानीवश की गई बयानबाजी नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी के अंतर्निहित राजनीतिक चरित्र को दर्शाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री का संघ परिवार के साथ अतीत में जुड़ाव रहा है, जिससे उनके ऐसे विचार हैं।
 
दरअसल, रेड्डी ने शनिवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में कहा था कि उन्होंने हैदराबाद में झीलों, नालों और अन्य जल निकायों पर व्यापक अतिक्रमण को देखते हुए ‘हाइड्रा’ की स्थापना करने का निर्णय लिया।
 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने इस नाम पर कहा था, ‘‘हाइड्रा हिटलर का पसंदीदा शब्द था। उसकी कोर टीम, जो किसी की भी हत्या कर सकती थी, को हाइड्रा कहा जाता था। इसलिए मैंने हिटलर से प्रेरणा लेकर इसका नाम हाइड्रा रखा है।’’
 
तेलंगाना सरकार ने जुलाई 2024 में हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा) की स्थापना की थी, ताकि झीलों जैसी सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण और अन्य अवैध गतिविधियों से बचाया जा सके।