Uttarakhand: Snowfall continues in high altitude areas including Kedarnath, heavy rain forecast in five districts
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने और निचले इलाकों में बारिश होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। यह जानकारी देने के साथ मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अधिकारियों को सतर्कता बरतने और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्वतों पर चढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों को नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं ।
अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ, गंगोत्री, औली समेत अनेक ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी जारी रही जबकि बदरीनाथ के चारों ओर ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वत पर जमकर हिमपात हुआ।
केदारनाथ में बृहस्पतिवार से लगातार बर्फबारी जारी है जिससे पूरे क्षेत्र में बर्फ की एक मोटी सफेद चादर सी बिछ गयी है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय से पूरे केदारनाथ क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है।