Tripura have more than 85 percent households with water connections.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड, कर्नाटक और त्रिपुरा राज्यों ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत 86 से 98 प्रतिशत तक घरों में पानी के कनेक्शन मुहैया करा दिए हैं।
जल शक्ति मंत्रालय के साथ हस्ताक्षरित सुधार-संबंधित समझौता ज्ञापन (एमओयू) से जेजेएम 2.0 के तहत ‘‘सेवा-आधारित और समुदाय-केंद्रित’’ ग्रामीण जल वितरण प्रणाली के और मजबूत होने की उम्मीद है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड ने 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख को नल से जल के कनेक्शन उपलब्ध करा दिए हैं, जिससे लगभग 98 प्रतिशत परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। जल संकट से जूझ रहे राज्यों में से एक कर्नाटक ने लगभग 87 प्रतिशत परिवारों को इस योजना में शामिल किया है जबकि त्रिपुरा ने 86 प्रतिशत कनेक्शन मुहैया कराए हैं। त्रिपुरा में मिशन की शुरुआत के समय 2019 में लगभग तीन प्रतिशत परिवारों के पास ही पानी के कनेक्शन उपलब्ध थे।
जल शक्ति मंत्रालय के तहत पेयजल और स्वच्छता विभाग तथा तीनों राज्य सरकारों के बीच 29 अप्रैल को हस्ताक्षरित समझौतों में मजबूत जन भागीदारी और ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों के सतत संचालन तथा रखरखाव (ओ एंड एम) के लिए संरचनात्मक सुधारों पर जोर दिया गया।