आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को श्रमिकों के लिए कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा की, जिनमें ‘लेबर चौक’ पर मोबाइल स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित करना, श्रमिकों की बेटियों के लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करना और उन्हें सीधी वित्तीय सहायता प्रदान करना शामिल है।
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर धीरपुर में संत निरंकारी अस्पताल के निर्माण स्थल पर निर्माण श्रमिकों के साथ बातचीत करते हुए गुप्ता ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिकों को उनके बच्चों की शिक्षा और विवाह के लिए भी सहायता प्रदान करना चाहती है। उन्होंने श्रमिकों से आग्रह किया कि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दिल्ली भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं।
गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य श्रमिकों पर आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें अधिक से अधिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि इसी के तहत दिल्ली के पंजीकृत भवन एवं निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण शुल्क 20 रुपये और नवीनीकरण शुल्क पांच रुपये को पूरी तरह माफ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम विभाग श्रमिकों के पंजीकरण के लिए ‘लेबर चौक’ पर विशेष कैंप आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला श्रमिकों को जल्द ही मानदेय प्रदान किया जाएगा।