Unseasonal rains and hailstorms have affected rabi crops on 2.49 lakh hectares; assessment underway: Chauhan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि बेमौसम बारिश तथा ओलावृष्टि से कई राज्यों में करीब 2.49 लाख हेक्टेयर में खड़ी रबी की फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। विभिन्न एजेंसियां वास्तविक नुकसान का आकलन लगा रही हैं।
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में ‘उन्नत कृषि मेला’ के शुभारंभ से पहले चौहान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ फसलों को हुए नुकसान का आकलन अभी जारी है। इसका आकलन तीन अलग-अलग विभाग लगा रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक नुकसान गेहूं की फसल को हुआ है। इसके बाद बागवानी फसलों को क्षति पहुंची है। 2.49 लाख हेक्टेयर का आंकड़ा आठ अप्रैल तक की रिपोर्ट पर आधारित है।
चौहान ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को प्रभावित राज्यों में फसल को पहुंचे नुकसान की व्यापक समीक्षा करने और राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर जमीनी स्तर की जानकारी जुटाने के पांच अप्रैल को निर्देश दिए थे।
उन्होंने प्रभावित राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ भी बैठक की।