उद्धव का अहंकार शिवसेना (उबाठा) को बर्बाद कर रहा है: मंत्री शिरसाट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
Uddhav's arrogance is ruining Shiv Sena (Ubatha): Minister Shirsat
Uddhav's arrogance is ruining Shiv Sena (Ubatha): Minister Shirsat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा उनकी पार्टी के बागी सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किए जाने की शनिवार को आलोचना की और इसे खबरों में बने रहने के उद्देश्य से किया गया महज ‘खानापूर्ति करने’ वाला दौरा करार दिया।

शिवसेना नेता ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि ठाकरे का अहंकार उनकी पार्टी को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि बागी सांसदों ने पहले केवल उनकी वजह से चुनाव जीते थे।
 
ठाकरे ने पार्टी के उन छह सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा शुरू किया है, जो इस सप्ताह की शुरुआत में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी शिवसेना गुट में शामिल हो गए थे।
 
शिरसाट ने कहा, ‘‘उद्धव ठाकरे का यह दौरा महज ‘खानापूर्ति करने’ वाला है। इसका मकसद केवल यह दिखाना है कि जिन सांसदों ने उनका साथ छोड़ दिया, उन्होंने उनके निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया है। यह केवल इसलिए किया जा रहा है ताकि लोगों को खबरों के जरिये पता चले कि वह उनके निर्वाचन क्षेत्रों में गए थे।’’
 
शिरसाट ने इस बात का भी जिक्र किया कि ठाकरे और उनकी पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक ही विमान से नागपुर की यात्रा की।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उनके बीच कोई बातचीत हुई लेकिन बातचीत होनी चाहिए क्योंकि राजनीति में इसका महत्व होता है।’’
 
ठाकरे ने इससे पहले दावा किया था कि बागी सांसदों ने पिछले लोकसभा चुनाव केवल उनकी वजह से जीते थे। शिरसाट ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह का अहंकार विपक्षी गुट को बर्बाद कर रहा है।