आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रूमेन रादेव ने मंगलवार को कहा कि देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में ड्रोन हमले में दो वाणिज्यिक जहाज प्रभावित हुए।
उन्होंने बताया कि जहाजों पर बुल्गारिया के तट से करीब 128 किलोमीटर दूर ड्रोन से हमला किया गया।
सरकार की आपात बैठक के बाद रादेव ने कहा कि टोगो के झंडे वाला जहाज ‘अल्फा वतन’ बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद मौके पर ही डूब गया। चालक दल के सदस्यों के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
दूसरे जहाज ‘एबल’ में हमले के बाद आग लग गई। पलाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर सवार सभी 18 लोगों को एक बुल्गारियाई नौका ने सुरक्षित निकाल लिया। दो नाविक गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें वार्ना बंदरगाह शहर के अस्पताल ले जाया गया।
ड्रोन कहां से आए, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका।
काला सागर में नाटो सदस्य देश के आर्थिक क्षेत्र में किसी जहाज पर हुआ यह पहला हमला बताया जा रहा है।