जयपुर में सहायक उप निरीक्षक 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2026
Assistant sub-inspector arrested in Jaipur while taking bribe of Rs 10,000
Assistant sub-inspector arrested in Jaipur while taking bribe of Rs 10,000

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को मंगलवार को एक महिला से 10 हजार रुपये की रिश्वत कथित तौर पर लेते हुए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एसीबी के अनुसार, आरोपी की पहचान पुलिस आयुक्तालय जयपुर पूर्व के प्रतापनगर थाने में तैनात सुखदेव जाट के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एसीबी को 11 अगस्त को मिली शिकायत में परिवादी ने आरोप लगाया गया था कि एक मामले के जांच अधिकारी सुखदेव द्वारा मामले में प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत कथित तौर पर मांगी जा रही है।
 
अधिकारियों ने बताया कि टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा परिवादी से कथित तौर पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
 
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी ने पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के पर्यवेक्षण में मंगलवार को उपाधीक्षक पुलिस अर्चना मीणा के नेतृत्व में आरोपी को कथित तौर रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए पकड़ा और कथित रिश्वत उसकी वर्दी की पैंट की जेब से बरामद की।
 
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी की आरोपी से पूछताछ तथा आगे की कार्रवाई जारी है। ब्यूरो के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आगे की जांच की जाएगी।