आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
जापान में आए 6.7 तीव्रता के भूकंप के बाद शुक्रवार को जारी की गई सुनामी की चेतावनी वापस ले ली गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने यह जानकारी दी।
जेएमए ने बताया कि भूकंप जापान के मुख्य द्वीप होन्शू के उत्तरी क्षेत्र स्थित आओमोरी में तट के पास पूर्वाह्न 11 बजकर 44 मिनट पर आया। एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र लगभग 20 किलोमीटर की गहराई में था।
इससे पहले एजेंसी ने चेतावनी दी थी कि होकाइदो, आओमोरी, इवाते और मियागी में प्रशांत महासागर तट पर एक मीटर (3.2 फुट) ऊंची सुनामी की लहरें उठ सकती हैं, लेकिन दो घंटे बाद इसे वापस ले लिया गया।
भूकंप से जानमाल के नुकसान के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस सप्ताह की शुरुआत में उत्तरी जापान में 7.5 तीव्रता वाला भूकंप आने के बाद, शुक्रवार को फिर से झटके महसूस किए गए। उस दौरान प्रशांत महासागर तट के कुछ इलाकों में सुनामी भी आई थी।