26/11 मुंबई आतंकवादी हमले की 18वीं बरसी पर हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Tributes paid to those killed in the 26/11 Mumbai terror attacks on their 18th anniversary
Tributes paid to those killed in the 26/11 Mumbai terror attacks on their 18th anniversary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
 
 
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 18 साल पहले 26 नवंबर को मुंबई हमले के आंतकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान की कुर्बानी देने वाले लोगों को बृहस्पतिवार को पुलिस मुख्यालय में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
 
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 
वर्मा और फडणवीस ने 26/11 हमलों में अपनी जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारवालों से भी मुलाकात की।
 
फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘26/11 आतंकी हमलों के दौरान मुंबई की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले बहादुर नायकों और अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि।’’
 
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादियों ने हमले किए थे। इन हमलों में विदेशियों समेत 166 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। ये किसी भारतीय शहर में हुए सबसे घातक आतंकवादी हमलों में से एक थे।
 
इन हमलों की दुनियाभर में निंदा हुई थी और इनके बाद भारत ने आतंकवाद से निपटने के अपने उपायों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए थे।