संविधान दिवस: मायावती ने बहुजन समाज से राजनीतिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Constitution Day: Mayawati calls upon the Bahujan Samaj to become politically empowered
Constitution Day: Mayawati calls upon the Bahujan Samaj to become politically empowered

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बृहस्पतिवार को कहा कि बी आर आंबेडकर का दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और हाशिए पर पड़े अन्य वर्गों को सशक्त बनाने का मिशन तब तक अधूरा रहेगा, जब तक उनके हाथ में राजनीतिक सत्ता की चाबी नहीं होगी।
 
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने बहुजन समाज से इस बात पर आत्ममंथन करने का आह्वान किया कि देश की आजादी के दशकों बाद भी और आंबेडकर के नेतृत्व में तैयार संविधान को अंगीकार किए जाने के बावजूद केंद्र की राजनीतिक सत्ता उसकी पहुंच से बाहर क्यों है।
 
मायावती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित तबकों को सशक्त बनाने का बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का मिशन तब तक अधूरा रहेगा, जब तक राजनीतिक सत्ता की चाबी उनके अपने हाथों में नहीं होगी।’’
 
आंबेडकर के इस संदेश का उल्लेख करते हुए कि ‘‘राजनीतिक सत्ता वह मास्टर चाबी है’’, जिससे तरक्की और विकास के सभी दरवाजे खुलते हैं, मायावती ने सवाल किया कि क्या केंद्र की अब तक की सरकारों ने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वाह किया है विशेष रूप से आरक्षण, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान के संबंध में।
 
उन्होंने कहा कि यदि सरकारें इन जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रही हैं, तो बहुजन समाज को उनसे जवाब मांगना चाहिए।
 
मायावती ने 26 नवंबर, 1949 को संविधान को औपचारिक रूप से अंगीकार किए जाने से पहले संविधान सभा में आंबेडकर के अंतिम संबोधन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जातिगत विभाजन के प्रति आगाह किया था और जातिवाद को त्यागकर भारत को एक देश से वास्तविक राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया था।