26 नवंबर : भारत ने संविधान अंगीकार किया, मुंबई दहली आतंकी हमलों से

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
November 26: India adopts its Constitution; Mumbai rocked by terrorist attacks
November 26: India adopts its Constitution; Mumbai rocked by terrorist attacks

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्वतंत्र भारत के इतिहास में 26 नवंबर की तारीख का खास महत्व है। दरअसल यही वह दिन है, जब गुलामी की जंजीरों से आजाद होकर अपने स्वतंत्र अस्तित्व को आकार देने का प्रयास कर रहे राष्ट्र ने संविधान को अंगीकार किया। इसी दिन संविधान सभा ने इसे अपनी स्वीकृति दी थी। इस वजह से इस दिन को ‘संविधान दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है।
 
हालांकि, इस तारीख के साथ कुछ वर्ष पहले की दो दुखद घटना भी जुड़ी हुई हैं। 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में देश को दहला देने वाला आतंकवादी हमला हुआ था। देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के हमले में 166 लोग मारे गए थे और 600 से अधिक घायल हुए थे।
 
इस दौरान नौ हमलावर आतंकवादियों को मार गिराया गया था और मुंबई पुलिस ने एक आतंकवादी कसाब को पकड़ लिया, जिसे बाद में फांसी दी गई।
 
इससे पहले 26 नवंबर 1998 को पंजाब के खन्ना के पास कौड़ी गांव के समीप तड़के दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्रंटियर मेल (फ्रंटियर गोल्डन टेंपल मेल) के पटरी से उतरे डिब्बे समानांतर ट्रैक पर आ गए थे, जिनसे जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस टकरा गई थी। इस हादसे में 212 लोगों की मौत हुई थी।
 
देश-दुनिया के इतिहास में 26 नवंबर की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1865 : लुइस कैरोल की पुस्तक ‘एलिस इन वंडरलैंड’ अमेरिका में प्रकाशित।
 
1919 : भारत के प्रसिद्ध इतिहासकार और शिक्षाविद् राम शरण शर्मा का जन्म।
 
1921 : देश में श्‍वेत क्रांति के जनक माने-जाने वाले वर्गीज कुरियन का जन्‍म।
 
1943 : तुर्किये के लाडिक-सैमसुन क्षेत्र में 7.7 तीव्रता भीषण भूकंप आया जिसमें करीब 4,000 लोगों की मौत हुई।
 
1949 : देश में संविधान को अंगीकार किया गया। संविधान सभा के अध्यक्ष ने स्वतंत्र भारत के संविधान पर हस्ताक्षर किए।
 
1967 : लिस्बन में बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई जिसमें 500 से अधिक लोगों की जान चली गई।
 
1979 : पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का विमान सऊदी अरब के ताइफ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी 156 लोगों की मौत हो गई।
 
1984 : इराक और अमेरिका ने कूटनीतिक संबंधों को पुन: स्थापित किया।
 
1987 : इंडोनेशिया के पंतर क्षेत्र में भूकंप के बाद सुनामी आई। इसमें 125 लोगों की मौत हुई।
 
1992 : विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाने की शुरुआत।
 
1998 : पंजाब के खन्ना के पास कौड़ी गांव के समीप तड़के दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्रंटियर मेल (फ्रंटियर गोल्डन टेंपल मेल) के पटरी से उतरे डिब्बे समानांतर पटरी पर आ गए थे, जिनसे जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस टकरा गई थी। इस हादसे में 212 लोगों की मौत हुई थी।
 
2001 : नेपाल में 200 विद्रोही मारे गए।
 
2006 : इराक बम धमाके में 202 लोगों की मौत।
 
2008 : मुंबई में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने कई स्थानों पर समन्वित हमले किए। तीन दिन से अधिक समय तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई।
 
2013 : कैरेबियाई क्षेत्र के बहामास द्वीपसमूह के पास हैती के करीब 150 प्रवासियों को लेकर जा रही नाव चट्टान से टकराकर पलट गई जिससे 30 से अधिक लोगों की मौत, लगभग 110 लोगों को बचाया गया।
 
2018 : नासा का इनसाइट मिशन सात महीने की यात्रा के बाद मंगल ग्रह पर उतरा।
 
2019 : अल्बानिया के पश्चिमी हिस्से में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया जिसमें 52 लोगों की मौत हुई और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए।
 
2025 : हांगकांग के न्यू टेरिटोरीज के उपनगर ताई पो में एक बहुमंजिला आवासीय परिसर में आग लगने से 36 लोगों की मौत।