जन्मदिन का खर्च बचाकर आसिफ खान ने मासूम पारस की मदद की

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Asif Khan helped innocent Paras by saving the money meant for his own birthday expenses.
Asif Khan helped innocent Paras by saving the money meant for his own birthday expenses.

 

भक्ति चालक

जन्मदिन का नाम आते ही दोस्तों के साथ पार्टी और मौज-मस्ती की तस्वीर ज़ेहन में उभरती है। लेकिन महाराष्ट्र के सतारा ज़िले के समाजसेवी आसिफ खान ने अपने इस खास दिन पर एक मासूम बच्चे को नई ज़िंदगी देने को तरजीह दी। उन्होंने अपने जन्मदिन का सारा खर्च बचाकर सीधे तीन साल के पारस के इलाज के लिए सौंप दिया।

dd

दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है नन्हा पारस

सतारा ज़िले का रहने वाला तीन साल का पारस बागल एक बेहद आम परिवार से है। उसके पिता सरकारी दफ्तर में स्टेनोग्राफर हैं। आज यह नन्हा बच्चा एक बहुत बड़ी मुसीबत से लड़ रहा है। पारस को 'एसएमए टाइप 2' (SMA Type 2) नाम की एक बेहद दुर्लभ और गंभीर बीमारी हो गई है।

जब पारस दो साल का हुआ, तो उसके माता-पिता को उसकी हरकतों में बदलाव नज़र आने लगा। वह ठीक से उठकर बैठ नहीं पाता था, हमेशा थका रहता था और उसके शरीर की ताक़त कम होती जा रही थी। पुणे और दूसरी जगहों के डॉक्टरों को दिखाने के बाद इस गंभीर बीमारी का पता चला।

इस बीमारी को हराने के लिए पारस को विदेश से जीन थेरेपी का एक इंजेक्शन मंगवाना होगा, जिसकी कीमत सवा से डेढ़ करोड़ रुपये के बीच है। एक आम परिवार के लिए इतना बड़ा खर्च उठाना नामुमकिन है। लेकिन कहते हैं न, अगर इंसानियत ज़िंदा हो तो नामुमकिन भी मुमकिन हो जाता है। महाराष्ट्र भर के लोगों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद से अब तक 72 लाख रुपये जमा हो चुके हैं, और पारस को बचाने के लिए अभी कुछ और रकम की ज़रूरत है।

आसिफ खान की इंसानियत भरी पहल

पारस के इस मुश्किल सफर में 'खिदमत-ए-खल्क' संस्था के उपाध्यक्ष आसिफ खान का फैसला हर तरफ सराहा जा रहा है। अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने खुद पारस की मदद की और समाज से भी आगे आने की भावुक अपील की।

अपने इस फैसले के बारे में आसिफ खान कहते हैं, “हम हर साल जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन इस साल मैंने तय किया कि अपना जन्मदिन न मनाकर उसका सारा खर्च पारस के इलाज के लिए दूंगा। हर मज़हब ने हमें दान और नेकी करना सिखाया है। ज़कात निकालकर अपनी कमाई का एक हिस्सा ज़रूरतमंदों की मदद में लगाना ही चाहिए, तभी हमारी ज़िंदगी के सही मायने पूरे होते हैं।”

"आसिफ भाई हमारे लिए फरिश्ता बनकर आए"

अपने जिगर के टुकड़े को बचाने के लिए पारस की मां सायली बागल आज दर-दर भटक रही हैं। उनका दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। भरी हुई आंखों से सायली बागल कहती हैं, “मेरे तीन साल के बच्चे को बचाने के लिए सवा करोड़ का इंजेक्शन चाहिए। एक आम परिवार होने के नाते हम यह खर्च नहीं उठा सकते। आसिफ भाई ने अपने जन्मदिन पर हमें जो मदद दी है, वह हमारे लिए ऊपरवाले के फरिश्ते के रूप में आई है।”

लोगों से भावुक अपील करते हुए वह आगे कहती हैं, “मेरे पारस को इस मुसीबत से निकालने के लिए बस थोड़ी सी मदद कर दीजिए। मेरी आप सबसे हाथ जोड़कर गुज़ारिश है। आपकी छोटी सी मदद मेरे बच्चे को नई ज़िंदगी दे सकती है।”

'खिदमत-ए-खल्क' की छह साल की बेमिसाल खिदमत

सिर्फ पारस की मदद ही नहीं, बल्कि 'खिदमत-ए-खल्क' संस्था पिछले छह सालों से सतारा में बिना किसी स्वार्थ के लोगों की सेवा कर रही है। कोरोना के दौर में इस संस्था के काम की असल शुरुआत हुई थी। संस्था के अध्यक्ष सादिक शेख और उपाध्यक्ष आसिफ खान की अगुवाई में इस टीम ने कोविड के समय बेसहारा मरीज़ों को दवाइयां मुहैया कराईं। साथ ही, लावारिस मरीज़ों का उनके अपने मज़हब के रीति-रिवाजों के मुताबिक अंतिम संस्कार करने की ज़िम्मेदारी भी निभाई।

आसिफ खान बताते हैं, “कोरोना के वक्त मरीज़ों को बेड और रेमडेसिविर नहीं मिल रहे थे। उस समय हमने दिन-रात एक कर दिया। कुछ समाजसेवियों की मदद से हमने सतारा में ऑक्सीजन बैंक खड़ा किया, जो आज भी ज़रूरतमंद मरीज़ों के लिए वरदान साबित हो रहा है।”

आगे चलकर इस संस्था का रजिस्ट्रेशन कराया गया। आज यह संस्था सतारा की कई लैब्स के साथ मिलकर कम पैसों में मेडिकल टेस्ट कराती है। इसके अलावा सड़कों पर भटकने वाले बेघर और मानसिक रूप से कमज़ोर लोगों को पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाने का काम भी संस्था के नौजवान पूरी लगन से करते हैं।

ff

'गाली-मुक्त महाराष्ट्र' की अनोखी मुहिम

इलाज में मदद के साथ-साथ समाज को बेहतर बनाने के लिए आसिफ खान ने 1 जनवरी 2024 से 'गाली-मुक्त महाराष्ट्र अभियान' (शिवीमुक्त महाराष्ट्र अभियान) शुरू किया है। वह स्कूल-कॉलेजों में जाकर नौजवानों को मां-बहनों की इज़्ज़त करने और अच्छी ज़बान इस्तेमाल करने की सीख देते हैं।

इस मुहिम के बारे में आसिफ खान कहते हैं, “हम बातचीत में अनजाने में कितनी ही गालियां दे देते हैं, जिनसे हमारी मां-बहनों का कोई वास्ता न होते हुए भी उनका अपमान होता है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने हमें अच्छे संस्कार दिए हैं, इसलिए हमें अपनी तहज़ीब बचानी चाहिए। एमआईडीसी के मज़दूर हों या गांव-गांव के नौजवान, हम सबको जोड़कर एक अच्छी पीढ़ी तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।”

एक तरफ समाज को सुधारने का मुश्किल काम और दूसरी तरफ मुसीबत में फंसे एक मासूम को बचाने की जद्दोजहद—आसिफ खान जैसे लोग ही समाज की असली ताक़त हैं। उम्मीद है कि लोगों की दुआओं और मदद से नन्हा पारस जल्द ही ठीक होकर फिर से हंसता-खेलता नज़र आएगा।