आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पिछले चरण के उप विजेता मेरहावी केसेटे (पुरुष वर्ग) और इथियोपिया की मेडिना डेमे आर्मिनो (महिला वर्ग) सहित एलीट एथलीट 18 जनवरी को होने वाली टाटा मुंबई मैराथन में हिस्सा लेंगे जो विश्व एथलेटिक्स की गोल्ड लेबल की रोड रेस है।
यह मुंबई मैराथन का 21वां सत्र है जिसमें पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में पहले तीन स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 50000, 25000 और 15000 डॉलर की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इसके अलावा जो भी अपने वर्ग में मौजूदा स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ेगा, उसे 15000 डॉलर दिए जाएंगे।
केसेटे पिछले साल बेरहाने टेसफे से पीछे दूसरे स्थान पर रहे थे। वह इस साल प्रबल दावेदारों में शुमार होंगे। उनके अलावा युगांडा से 2023 विश्व चैंपियन विक्टर किपलांगाट, दक्षिण अफ्रीका के स्टीफन मोकोका और इथियोपिया के बाजेज्यू अस्मारे और टाडू अबाटे डेमे भी इसमें हिस्सा लेंगे।