आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली से आइजोल आ रही इंडिगो की उड़ान में मिजोरम के तीन डॉक्टरों ने गंभीर रूप से बीमार एक महिला यात्री की जान बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया।
यह घटना तीन अक्टूबर की है। 32 वर्षीय महिला गुर्दे की पुरानी बीमारी से पीड़ित थी और इलाज के लिए दिल्ली जाने के बाद मिजोरम लौट रही थी। वह नियमित डायलिसिस करा रही थी।
उड़ान के दौरान महिला को अचानक सांस लेने में परेशानी हुई। चालक दल ने विमान में किसी चिकित्सक की मदद के लिए घोषणा की, जिसके बाद गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. बेंजामिन खियांग्ते, बाल रोग विशेषज्ञ एवं क्रिटिकल केयर सुपर-स्पेशलिस्ट डॉ. एफ रेमथांगपुई उर्फ अरेमी और जनरल सर्जन डॉ. विली लालहरुइतलुआंगा मदद के लिए आगे आए।
पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और मिजोरम के लिए नवनियुक्त भाजपा प्रभारी भागवत किशनराव कराड भी विमान में थे और उन्होंने शुरुआत में महिला की मदद की थी।
डॉ. खियांग्ते ने पीटीआई भाषा को बताया कि विमान के आइजोल पहुंचने से करीब एक घंटे पहले महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। उसकी सांस लेने में दिक्कत बढ़ गई और ऑक्सीजन स्तर काफी कम हो गया। डॉक्टरों ने जांच में महिला की ऑक्सीजन संतृप्ति करीब 40 प्रतिशत पाई।