दिल्ली में तीन बैंकों और छह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले; जांच जारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-03-2026
Three banks and six schools in Delhi received bomb threat emails; investigation underway
Three banks and six schools in Delhi received bomb threat emails; investigation underway

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली के तीन बैंकों और छह स्कूलों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई जिसके बाद कई सुरक्षा दलों को इन परिसरों में भेजा गया और व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिन बैंकों को धमकियां मिलीं उनमें कनॉट प्लेस स्थित एक्सिस बैंक की शाखा, भारतीय स्टेट बैंक की एम्स शाखा और पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित एसबीआई की शाखा शामिल हैं।
 
जिन छह स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए उनमें दिल्ली कैंट का आर्मी पब्लिक स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, सरदार पटेल विद्यालय, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल, रामजस पब्लिक स्कूल और राजेंद्र नगर का रामजस स्कूल शामिल हैं।
 
डीएफएस के अनुसार, संस्थानों को ईमेल प्राप्त होने के बाद सुबह 8.20 बजे से बम की धमकियों से संबंधित कॉल आने शुरू हो गए।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, खोजी दल और दमकल विभाग की टीमों को तुरंत अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। विध्वंसक रोधी विस्तृत जांच चल रही है।"
 
स्कूल परिसर में प्रशासन द्वारा ईमेल देखे जाने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। अभिभावकों को सूचित कर दिया गया और उनसे नहीं घबराने का अनुरोध किया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी शुरू कर दी।
 
अभिभावकों को भेजे गए एक संदेश में सरदार पटेल विद्यालय ने बताया कि सुबह स्कूल को धमकी मिली थी और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के लिए पुलिस टीमें परिसर में मौजूद है। विद्यालय ने यह भी बताया कि सभी छात्रों को सुरक्षित परिसर से बाहर निकाल लिया गया है।