संविधान की शपथ लेने वाले यूसीसी का विरोध नहीं करेंगेः आरिफ मोहम्मद खान

Story by  राकेश चौरासिया | Published by  [email protected] | Date 11-12-2022
संविधान की शपथ लेने वाले यूसीसी का विरोध नहीं करेंगेः आरिफ मोहम्मद खान
संविधान की शपथ लेने वाले यूसीसी का विरोध नहीं करेंगेः आरिफ मोहम्मद खान

 

नई दिल्ली. केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लाने का समर्थन किया है और कहा है कि जिसने भी संविधान की शपथ ली है, वह इसका विरोध कभी नहीं करेगा. शुक्रवार को समान नागरिक संहिता पर उनकी राय के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘संविधान की शपथ लेने वाला कोई भी व्यक्ति यह नहीं कहेगा कि इसे नहीं आना चाहिए.’’

खान ने कहा, ‘‘हिंदू कोड पहले से ही है, क्या यह हिंदुओं, सिखों और जैनियों में एकरूपता लाया? हम विविधता वाले देश हैं.’’ खान ने एक मीडिया कार्यक्रम में कहा, ‘‘समान नागरिक संहिता विवाह या रीति-रिवाजों के बारे में नहीं है... यह समान न्याय के बारे में है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मामले हैं, जहाँ लोगों ने दो पत्नियाँ रखने के लिए धर्म परिवर्तन किया है. मैं किसी का नाम नहीं लूंगा.’’

हिजाब को लेकर हालिया विवाद पर उन्होंने कहा, ‘‘बुर्का पहनने से कौन रोक रहा है? यह एक स्वतंत्र राष्ट्र है. लेकिन संस्थानों को भी अपना ड्रेस कोड रखने का अधिकार है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी संस्थाएं हैं, जो हिजाब की अनुमति देती हैं, कोई भी वहां जा सकता है.’’

खान ने 1986 में इस मुद्दे से निपटने के लिए नेतृत्व के साथ मतभेदों के कारण कांग्रेस छोड़ दी थी. उन्होंने शाह बानो मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अपने विचारों पर कायम हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा था कि कानून बनाना कोई बड़ी बात नहीं है, भविष्य में संसद द्वारा कानून को बदला जा सकता है, लेकिन जो लोग देश के खिलाफ बोलते हैं, जो लोग हिंसा का समर्थन करते हैं, उनके लिए झुकना मेरे अनुसार राष्ट्र के खिलाफ अपराध था.’’