यह कहने में कोई हिचक नहीं कि भारत दो.तीन टी20 टीमें एक साथ उतार सकता है : सूर्यकुमार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-03-2026
There is no hesitation in saying that India can field two or three T20 teams simultaneously: Suryakumar
There is no hesitation in saying that India can field two or three T20 teams simultaneously: Suryakumar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारत के टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव का मानना है कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में भारत में प्रतिभाओं का पूल इतना बड़ा है कि दो या तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमें एक साथ उतारी जा सकती है और इसका श्रेय बेहतरीन घरेलू ढांचे और फ्रेंचाइजी ‘इकोसिस्टम’ को जाता है ।
 
आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप 2024 में खिताबी जीत के बाद भारत की टी20 टीम की कमान संभालने वाले सूर्यकुमार ने घरेलू प्रतिस्पर्धाओं और इंडियन प्रीमियर लीग को टी20 क्रिकेट में भारत के बढते दबदबे का श्रेय दिया ।
 
सूर्यकुमार के 2024 में कप्तान बनने के बाद से भारतीय टीम ने 52 में से 42 टी20 मैच जीते हैं ।
 
पीटीआई वीडियो के साथ रविवार को पॉडकास्ट इंटरव्यू में सूर्यकुमार ने मौजूदा टीम को भारत की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम बताया ।
 
उन्होंने कहा ,‘‘ अगर आप प्रतिभा की बात करें तो नियमित स्तर पर प्रतिभायें आती रही है । आईपीएल है, फ्रेंचाइजी क्रिकेट और फिर घरेलू क्रिकेट । आप देख सकते हैं कि हर साल कितने खिलाड़ी निकल रहे हैं । आप जितनी चाहें उतनी टी20 टीमें बना सकते हैं ।’’
 
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि प्रतिभायें अपार है । हमारा बेस इतना मजबूत है कि दो या तीन अंतिम एकादश तैयार की जा सकती है । यह कोई कूटनीतिक जवाब नहीं है । वाकई हमारा ढांचा इतना मजबूत है कि सच कहने में कोई शर्म नहीं है ।’’