आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने विद्यालयों में बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के प्रावधानों और दिशानिर्देशों के पालन का आकलन करने के लिए बुधवार को स्कूलों का व्यापक ‘ऑडिट’ करने का निर्देश दिया।
संधू ने राजधानी में बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग आदि की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पोक्सो अधिनियम के नियमों और दिशानिर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं, यह जांचने के लिए दिल्ली भर के स्कूलों का व्यापक ऑडिट करने का मैंने निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग को यह भी निर्देश दिया गया है कि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और जिन संस्थानों में इनके पालन में कमी पाई जाए, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।’’
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को यह भी निर्देश दिया कि वह स्कूल परिसरों और विद्यार्थियों के मुख्य इलाकों में मजबूत एवं साफ तौर पर दिखने वाली तैनाती सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा, ‘‘खासकर स्कूल की छुट्टी के समय, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और लोगों का भरोसा बढ़ाने के लिए ऐसा किया जाए। महिलाओं और बच्चों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न और बदसलूकी के मामलों को बिल्कुल नहीं बर्दाश्त किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी की सुरक्षा, गरिमा एवं कल्याण समझौते से परे है तथा सरकार दिल्ली में हर बच्चे के लिए सुरक्षित और निडर माहौल बनाने के लिए कटिबद्ध है।