भारत और आसियान आपदा प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर सहमत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
India and ASEAN agree to enhance cooperation in disaster management
India and ASEAN agree to enhance cooperation in disaster management

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके तहत शुरुआती चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने, उपग्रह एवं मौसम संबंधी आंकड़े साझा करने, संयुक्त तैयारी अभ्यास करने और मानवीय सहायता तेजी से पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
 
मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के बाद मंगलवार को जारी एक संयुक्त बयान में यह जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और 11 सदस्यीय संगठन के नेताओं ने इस दौरान अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।
 
संयुक्त बयान के अनुसार भारत और आसियान दोनों भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात, भीषण गर्मी और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम का सामना करते हैं। दोनों पक्षों ने आपदाओं का सामना करने में सक्षम क्षेत्र बनाने की आवश्यकता को स्वीकार किया।
 
दोनों पक्षों ने आपदा प्रबंधन के पूरे चक्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। इसमें आपदा की रोकथाम, उससे निपटने की तैयारी, राहत एवं बचाव कार्य और पुनर्वास शामिल हैं।
 
समझौते के तहत आसियान आपदा प्रबंधन समिति (एसीडीएम), आपदा प्रबंधन पर मानवीय सहायता के लिए आसियान समन्वय केंद्र (एएचए सेंटर) और भारत का राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) नियमित विचार-विमर्श बढ़ाएंगे, ताकि आपदा प्रबंधन से जुड़ी उनकी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।
 
भारत और आसियान ने भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात और भूस्खलन के लिए शुरुआती चेतावनी प्रणालियों पर सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके तहत राष्ट्रीय कानूनों एवं नियमों के अनुरूप स्वैच्छिक आधार पर उपग्रह आंकड़े, भूकंपीय निगरानी संबंधी जानकारी और मौसम पूर्वानुमान साझा किए जाएंगे।