The Bridger SUV has been designed and developed for the Indian market: Renault Group CEO
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फ्रांस की वाहन विनिर्माता कंपनी रेनो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) फ्रांस्वा प्रोवोस्ट ने सोमवार को कहा कि नई चार मीटर से कम लंबाई वाली एसयूवी ‘ब्रिजर’ को भारत में स्थानीय बाजार के लिए विकसित और डिजाइन किया गया है। हालांकि, इसमें वैश्विक बाजारों में उतरने की भी क्षमता है।
पेरिस मोटर शो में उन्होंने कहा कि रेनो अपने वाहनों में नई प्रौद्योगिकियां तेजी से ला रही है। इनमें नई पीढ़ी की बैटरी से लेकर ‘जेमिनी एआई’ सहायक तक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी अंतरराष्ट्रीय विस्तार के तीसरे चरण में तेजी ला रही है।
प्रोवोस्ट ने कहा, “भारत में ब्रिजर हमारी प्रमुख एसयूवी होगी। इसे विशिष्ट डिजाइन और इलेक्ट्रिक एवं हाइब्रिड वाहन प्रौद्योगिकी के साथ भारत में, भारतीय बाजार के लिए विकसित किया गया है। इसमें वैश्विक बाजारों में उतरने की भी क्षमता है।”
उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक परिस्थितियां अनिश्चित हैं और इलेक्ट्रिक से लेकर कृत्रिम मेधा (एआई) तक के क्षेत्र में प्रौद्योगिकी तेजी से बदल रही है। नए प्रतिस्पर्धी वाहन उद्योग के तौर-तरीकों को भी बदल रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इस माहौल में हम पहले से कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।”
प्रोवोस्ट ने कहा कि फ्रांस की यह वाहन कंपनी अपनी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां भी विकसित कर रही है, खासकर इलेक्ट्रिक वाहन और सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में।