महिला सहकर्मी के यौन उत्पीड़न के आरोप में ठाणे के रेलवे अधिकारी पर मामला दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2026
Thane railway official booked for sexually harassing female colleague
Thane railway official booked for sexually harassing female colleague

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रेलवे पुलिस ने ठाणे जिले के कल्याण में 50 वर्षीय उप स्टेशन प्रबंधक के खिलाफ एक महिला सहकर्मी को व्हाट्सऐप पर कथित तौर पर अनुचित संदेश भेजने और उसके प्रति अनुचित व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 36 वर्षीय महिला ने त्योहार के लिए छुट्टी मांगते हुए आरोपी को संदेश भेजा था लेकिन आधिकारिक अनुरोध का जवाब देने के बजाय आरोपी ने उसे कथित तौर पर अनुचित संदेश भेजे।
 
उन्होंने बताया कि महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान आरोपी अक्सर गलत नीयत से उसे घूरता था और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके करीब आने की कोशिश करता था।
 
महिला की शिकायत के आधार पर कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न) और 78(1) (पीछा करना/अनुचित आचरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
 
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’