महाराष्ट्र एसआईआर: मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद नए मतदाताओं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2026
Maharashtra SIR: New voters after publication of draft electoral roll
Maharashtra SIR: New voters after publication of draft electoral roll

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्य के सभी 36 जिलों से नए मतदाताओं के पंजीकरण, आपत्तियों और संशोधनों के लिए छह लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें सबसे अधिक 56,605 आवेदन पुणे जिले से मिले हैं। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
 
मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन 31 अगस्त को किया गया था। राज्य के कुल 9,78,54,049 मतदाताओं में से 7,71,65,562 मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया था, जबकि 2,06,88,487 मतदाताओं (21.14 प्रतिशत) को एएसडीडीओ (अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृत/दोहराव/अन्य) श्रेणी में रखा गया था।
 
जो लोग सूची में शामिल होने से वंचित रह गए, उन्हें फिर से नाम दर्ज कराने की सुविधा देने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए थे।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के जिलावार आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त से चार अक्टूबर के बीच कुल 6,24,054 फॉर्म प्राप्त हुए।
 
इनमें से 6,05,097 आवेदन फॉर्म-6 (नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए), 11,251 आवेदन फॉर्म-सात (मतदाता सूची में किसी का नाम शामिल करने पर आपत्ति या नाम हटाने के अनुरोध के लिए) और 7,706 आवेदन फॉर्म-आठ (मतदाता कार्ड में सुधार या बदलाव के लिए) शामिल हैं।
 
पुणे 56,605 आवेदन के साथ सबसे ऊपर रहा। इसके बाद ठाणे से 46,373, मुंबई उपनगरीय से 38,094, नासिक से 32,691 और जलगांव से 28,397 फॉर्म प्राप्त हुए। इसके अलावा नागपुर से 16,009, मुंबई शहर से 13,858 और पालघर से 14,448 आवेदन प्राप्त हुए।
 
आंकड़ों के मुताबिक, सबसे कम 2,394 आवेदन सिंधुदुर्ग जिले से मिले।
 
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि को बढ़ाकर 12 अक्टूबर तक कर दिया गया है। वहीं, प्राप्त नोटिसों, दावों और आपत्तियों का निपटारा 12 नवंबर तक किया जा सकता है।