तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अप्रैल में एसआईआर के लिए तैयारियां तेज कीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-02-2026
Telangana Chief Electoral Officer steps up preparations for SIR in April
Telangana Chief Electoral Officer steps up preparations for SIR in April

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
निर्वाचन आयोग द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को अप्रैल में शुरू होने वाली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिए जाने के बाद तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी. सुदर्शन रेड्डी ने जमीनी स्तर के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को तेज कर दिया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन प्रयासों के तहत हैदराबाद स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा मेडचल मलकाजगिरि, संगारेड्डी, रंगारेड्डी और हैदराबाद जिलों के सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के लिए एक ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया था।
 
शुक्रवार रात को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘कार्यक्रम में कुल 195 एईआरओ ने भाग लिया, जिसका ध्यान मतदाता सूचियों की तैयारी, अद्यतन और रखरखाव पर केंद्रित था, जिसमें चुनावी प्रक्रिया में सटीकता, समावेशिता और पारदर्शिता पर जोर दिया गया।’’
 
इसमें कहा गया है कि इस सत्र के दौरान अधिकारियों को जानकारी दी गई कि सभी पात्र मतदाताओं को शामिल किया जाए, अपात्र प्रविष्टियों को हटाया जाए और ईसीआई दिशानिर्देशों के अनुसार विवरणों को सही किया जाए।
 
विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह प्रशिक्षण सीईओ कार्यालय द्वारा चुनावी तंत्र को मजबूत करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है।