Tamil Nadu growing faster than the national average: Stalin presents economic roadmap
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की आर्थिक वृद्धि दर 11.19 प्रतिशत के साथ राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आज तमिलनाडु की आर्थिक वृद्धि राष्ट्रीय औसत से अधिक 11.19 प्रतिशत है। स्पष्ट रूप से कहें तो पिछले साल भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि 4.5 प्रतिशत रही जबकि तमिलनाडु की वृद्धि इससे तीन गुना 14.7 प्रतिशत रही।’’
‘कन्वर्जन कॉन्क्लेव 2026’ को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि यह द्रविड़ मॉडल शासन की आलोचना करने वालों को उनके ‘‘ काम के जरिये दिया गया जवाब ’’ है।
यह शिखर सम्मेलन निवेश समझौतों को क्रियान्वित परियोजनाओं में बदलने की प्रक्रिया को दर्शाने की एक अनूठी पहल है।
उन्होंने कहा, ‘‘ केवल इस सम्मेलन में ही हम 52 कंपनियों के उद्घाटन, 71 कंपनियों के शिलान्यास और दो नई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) के जरिये उपलब्धियों का उत्सव मना रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक क्षमता का उल्लेख किया और बदलाव लाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक बार एमओयू पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद, उसकी प्रगति पर समर्पित ‘डैशबोर्ड’ के जरिये नजर रखी जाती है।