मिशिगन में यहूदी प्रार्थनास्थल पर हमला करने का आरोपी लेबनान से था: गृह मंत्रालय

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-03-2026
Suspect in Michigan synagogue attack was from Lebanon: Home Ministry
Suspect in Michigan synagogue attack was from Lebanon: Home Ministry

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका में यहूदियों के प्रार्थनास्थल पर वाहन से टक्कर मारने वाले हथियारबंद व्यक्ति की पहचान लेबनान में जन्मे 41 आयमन मोहम्मद गजाली के रूप में हुई है, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि डेट्रॉइट, मिशिगन के पास वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप में स्थित ‘टेंपल इजराइल’ में टक्कर मारने वाले हमलावर को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया। टक्कर के बाद हमलावर के वाहन में आग लग गई थी। यूहदियों का यह प्रार्थना स्थल अमेरिका में सबसे बड़े प्रार्थनास्थल में से एक है।
 
गृह मंत्रालय के अनुसार 2011 में एक अमेरिकी नागरिक से विवाह के बाद गजाली प्रवासी वीजा पर अमेरिका आया था और उसे 2016 में अमेरिकी नागरिकता प्रदान की गई थी।
 
एफबीआई के डेट्रॉइट फील्ड ऑफिस की प्रभारी विशेष एजेंट जेनिफर रनयान ने इस घटना को ‘‘बेहद परेशान करने वाला और दुखद’’ बताया और कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) इस मामले की जांच का नेतृत्व कर रहा है।
 
उन्होंने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एजेंसी इस अपराध को ‘‘यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर की गई लक्षित हिंसा’’ मानती है। जांच अधिकारी उसके मकसद का पता लगा रहे हैं।
 
ओकलैंड काउंटी के शेरिफ माइक बुचर्ड ने कहा, ‘‘आरोपी ने किस बात से प्रेरित होकर ये कार्रवाई की, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।’’
 
बुचर्ड ने कहा कि इस घटना में प्रार्थनास्थल का कोई कर्मी, शिक्षक या बच्चा घायल नहीं हुआ, वहां 140 बच्चे पढ़ते हैं।
 
बुचर्ड ने कहा कि संदिग्ध अपने वाहन के अंदर मृत पाया गया।