Speculation of DMK-BJP alliance is pure imagination, BJP's alliance is not acceptable: MMK chief Jawahirullah
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मनिथनेया मक्कल काची (एमएमके) अध्यक्ष एम. एच. जवाहिरुल्ला ने सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘‘कोरी कल्पना’’ करार दिया।
एमएमके अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी दल के साथ कभी भी गठबंधन नहीं करेगी, जो भाजपा के साथ हाथ मिलाएगा।
यहां पत्रकारों से बातचीत में जवाहिरुल्ला ने कहा कि द्रमुक और भाजपा की विचारधाराएं बिल्कुल विपरीत हैं।
द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन के राजनीतिक रुख का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि स्टालिन नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे और संघीय ढांचे तथा धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की रक्षा के लिए केंद्र के वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में विधानसभा में प्रस्ताव लाने की अगुवाई की थी।
जवाहिरुल्ला ने द्रविड़ पार्टी और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर हाल में की गई राजनीतिक टिप्पणियों को खारिज किया और कहा, ‘‘हमारा रुख स्पष्ट है। हम ऐसे विचारों में विश्वास करते हैं जो संविधान और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करते हैं। भाजपा संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश करती है। हम ऐसे किसी भी दल के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे, जो भाजपा के साथ गठबंधन करता है।’’