आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को राम नवमी के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि राम नवमी भगवान राम के जन्म का प्रतीक है जिसे चैत्र माह के नौवें दिन मनाया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘राम नवमी अच्छाई की बुराई पर और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। यह त्योहार हमें भगवान राम की शिक्षाओं पर विचार करने और उनके मूल्यों - सत्य, न्याय, करुणा और त्याग - को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का अवसर देता है। मेरी कामना है कि भगवान राम के आदर्श हम सभी का मार्गदर्शन करें और हमें अधिक शांतिपूर्ण, समृद्ध एवं समावेशी सिक्किम के निर्माण के लिए प्रेरित करें। एक बार फिर शुभकामनाएं।’’
मुख्यमंत्री ने भी अपने संदेश में कहा कि भगवान राम का जीवन सत्य, कर्तव्य और धर्मपरायणता का कालातीत उदाहरण है।
तमांग ने कहा, ‘‘एक आदर्श पुत्र, समर्पित भाई, प्रेम करने वाले पति और न्यायप्रिय राजा के रूप में उनके अडिग मूल्य पीढ़ियों को प्रेरित करते रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह पावन अवसर हर घर में शांति, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। आइए, हम उनकी शिक्षाओं से शक्ति ग्रहण करें और अधिक उज्ज्वल और अधिक सामंजस्यपूर्ण भविष्य की दिशा में मिलकर काम करते हुए रोजमर्रा के अपने जीवन में सत्यनिष्ठा, करुणा एवं सद्भाव को बनाए रखने का प्रयास करें।’’